हरियाणा

Gurugram: बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े का पहाड़ जून के आखिर तक खत्म होगा

Admindelhi1
25 March 2025 3:31 PM IST
Gurugram: बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े का पहाड़ जून के आखिर तक खत्म होगा
x
"बीते माह निगम ने दो निजी एजेंसियों को कूड़ा निस्तारण का काम सौंप दिया था"

गुरुग्राम: बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े के पहाड़ को हटाने का काम नगर निगम की तरफ से तेजी से कराया जा रहा है। बीते माह निगम ने दो निजी एजेंसियों को कूड़ा निस्तारण का काम सौंप दिया था।

बंधवाड़ी में फिलहाल दस लाख मीट्रिक टन से अधिक कूड़े का ढेर लगा हुआ है। दो निजी एजेंसियों के साथ अनुबंध व्यवस्था के तहत तीन जुलाई 2025 तक पुराने कूड़े का निस्तारण का काम पूरा करना निर्धारित है। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पिछले दस वर्ष से कूड़े का निपटान नहीं होने के कारण यहां पर कूड़े का पहाड़ खड़ा है। निगम अधिकारी ने बताया कि साइट पर करीब 2200 टन कचरा प्रतिदिन बांधवाड़ी लैंडफिल साइट पहुंच रहा है। इसमें से 1200 टन गुरुग्राम से पहुंचता है, जबकि फरीदाबाद से प्रतिदिन लगभग 1000 टन कचरा लैंडफिल साइट पर पहुंच रहा है। जनवरी और फरवरी में गुरुग्राम और फरीदाबाद से कुल 1.12 लाख मीट्रिक टन से अधिक ताजा कचरा बांधवाड़ी में पहुंचा है। इससे कुल कचरे का वजन 10.57 लाख मीट्रिक टन हो गया।

निगम सूत्रों की मानें तो कूड़े के पहाड़ को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में विचाराधीन एक केस की सुनवाई में गुरुग्राम निगम ने 31 दिसंबर 2024 तक बंधवाड़ी के कूड़े का निस्तारण करने के लिए डेडलाइन निर्धारित की थी, लेकिन कूड़ा निस्तारण करने वाली पुरानी एजेंसियों का वर्क आर्डर खत्म होने और बीच में मानसून सीजन में ढाई महीने तक वर्षा के कारण काम प्रभावित रहा। इससे करीब चार माह से ताजा कूड़े का भी निस्तारण नहीं होने से लैंडफिल साइट पर करीब ढाई लाख टन से अधिक कूड़े के ढेर जमा हो गए। जनवरी में हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में बंधवाड़ी लैंडफिल साइट के कूड़े के निस्तारण के लिए टेंडरों को स्वीकृति मिली थी। निगम द्वारा बीते माह निजी दोनों एजेंसियों ग्रीन टेक और आदर्श भारत को वर्कआर्डर जारी कर दिए गए। अब एजेंसियों को काम सौंपने के बाद कूड़े की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।

सचिव ने दिए थे 30 जून तक कूड़ा निस्तारण के निर्देश: निगम अधिकारी ने बताया कि दोनों निजी एजेंसियों को बंधवाड़ी में कुल 14 लाख टन कूड़े का निपटान करना है। चंडीगढ़ में बैठक के दौरान शहरी स्थानीय निकाय विभाग के सचिव ने निगम अधिकारियों को 30 जून 2025 तक बंधवाड़ी के कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने के निर्देश दिए थे। इसको लेकर दोनों एजेंसियां पूरी क्षमता के साथ कूड़ा निस्तारण कार्य में जुटी हुई हैं। इन एजेंसियों को 14 लाख मीट्रिक टन कचरे को निस्तारित करने का ठेका दिया गया है, जिसकी परियोजना की कीमत 90 करोड़ रुपये है।

Next Story