Gurugram: एसटीएफ ने डेढ़ लाख के इनामी शूटर को पकड़ा, भेजा जेल

गुरुग्राम: बीती 18 मार्च को हयातपुर में शराब कारोबारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में एसटीएफ ने दो दिन पहले मुख्य शूटर अंकित उर्फ धोलिया को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर अलग-अलग मामलों में डेढ़ लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
एसटीएफ ने शूटर अंकित उर्फ धोलिया को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। एसटीएफ शराब कारोबारी हत्या मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। थाना सेक्टर-10 के अंतर्गत हयातपुर गांव में 18 मार्च की शाम लगभग चार बजे दो बदमाशों ने कार्यालय में घुसकर फायरिंग की थी। इस वारदात में शराब कारोबारी बलजीत यादव की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग रविंद्र व राम गोली लगने से घायल हो गए थे। गुरुग्राम पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए खुर्रमपुर निवासी शूटर टेकचंद को गिरफ्तार किया था। शूटर को लेकर गुरुग्राम पुलिस मोबाइल बरामद करने करनाल लेकर गई थी। शूटर टेकचंद ने पुलिस टीम पर अचानक हथियार से फायरिंग कर दी थी। गुरुग्राम पुलिस की टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में गोली मार दी थी। पुलिस ने गोलियां चलाने वाले टेकचंद को गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेरी गेट झज्जर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी दीपक को गिरफ्तार करके रिमांड पूरा होने पर जेल भेजा जा चुका है। एसटीएफ के निरीक्षक नरेंद्र की टीम ने शूटर अंकित उर्फ धोलिया को दो दिन पहले मोहाली से गिरफ्तार किया है। अंकित उर्फ धूलिया को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
अंकित पर दर्ज हैं कई मामले: अंकित उर्फ धोलिया हरियाणा का हार्डकोर अपराधी है। उस पर हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य कई राज्यों में हत्या, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस, लड़ाई-झगड़ा संबंधी 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस ने अंकित उर्फ धोलिया पर एक लाख रुपये और हरियाणा पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। आर्म्स एक्ट के एक मामले में कुछ बदमाश पुलिस के सर्विलांस पर हैं। शराब कारोबारी बलजीत यादव पर अंकित ने गोलियां बरसाई थीं, जो वह गोलियां चलाते हुए सीसीटीवी में भी दिखाई दे रहा है। बलजीत हत्याकांड को अंजाम देकर आरोपी मोहाली में पहुंच गया। मोहाली में एक फ्लैट में फरारी काट रहा था। एसटीएफ को इसके बारे में इनपुट मिला था कि फ्लैट में इनामी बदमाश ठहरा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर अंकित उर्फ धोलिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने एक पिस्टल भी रिकवर की है।
आरोपी इस हत्याकांड में मुख्य शूटर रहा है। आरोपी पर पिलानी में एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है। वहीं, फर्रुखनगर थाना के अंतर्गत एक मामले में वांछित होने पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी की दोनों राज्यों की पुलिस तलाश कर रही थी। - प्रीतपाल सांगवान, डीएसपी, एसटीएफ।





