Gurugram: पांच हजार के इनामी अपराधी को पुलिस ने 16 साल बाद दबोचा

गुरुग्राम: 16 साल पहले तारपिन का तेल डालकर युवक की जलाकर हत्या करने वाले पांच हजार रुपये के इनामी अपराधी को पीओ स्टाफ की पुलिस टीम ने चरखी दादरी के दुधवा गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिद्ध लाल निवासी बेल खेड़ी, छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
आरोपी सिद्ध लाल अपना पता व ठिकाना बदल-बदलकर उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य राज्यों में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। ऐसे में पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। पीओ स्टाफ की पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2009 की रात करीब 10.30 बजे सिद्ध लाल ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर रुपयों के लेनदेन मामले में भागीरथ निवासी कुड़ई गांव, दमोह (मध्य प्रदेश) के साथ मारपीट की थी। इसके बाद आरोपियों ने भागीरथ पर तारपिन का तेल डालकर आग लगा दी थी। इससे भागीरथ पूरी तरह से झुलस गया था। पीड़ित को मानेसर के आरएन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। 11 मई 2009 को इलाज के दौरान भागीरथ की मौत हो गई थी। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मानेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए, लेकिन पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर सकी। पीओ स्टाफ की पुलिस टीम ने 16 साल बाद आरोपी सिद्ध लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अपने दो साथियों शोभा नगर निवासी दिनेश अहीरवार और कुड़ई गांव निवासी राजाराम के साथ मिलकर भागीरथ के साथ मारपीट की थी और तारपिन का तेल डालकर उसको जला दिया था। आरोपी सिद्ध लाल ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि मामले में शामिल उसके साथी राजाराम की मौत हो चुकी हैै, जबकि दिनेश अहीरवार के बारे में उसे जानकारी नहीं है। पुलिस आरोपी सिद्ध लाल से मामले के संबंध में जानकारी ले रही है।





