Gurugram: सोमिता सिंह को भर्ती न करने पर दो अस्पतालों को भेजा नोटिस

गुरुग्राम: बादशाहपुर थाना क्षेत्र में लेपर्ड ट्रैल रोड पंडाला में स्पोर्ट्स बाइक व कार में भिड़ंत होने से हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत मामले में पुलिस ने दो निजी अस्पतालों को नोटिस जारी किया है। हादसे के तुरंत बाद सोमिता सिंह को निजी अस्पताल में लेकर गए, लेकिन घायल युवती को भर्ती करने से मना दिया। इसके बाद घायल को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल लेकर गए। इस प्रक्रिया में लगभग एक घंटे का समय लगा। राइडिंग ग्रुप के सदस्यों व एकेडमी के संचालक का कहना है कि समय पर इलाज मिलता तो सोमिता की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, मामले में कार चालक जय यादव को पुलिस ने जमानत पर छोड़ दिया है।
राइड एकेडमी के संचालक का वीडियो वायरल: लेट्स राइड ट्रेनिंग एकेडमी के संचालक कुलदीप शर्मा का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे कह रहे हैं कि वे राइडर्स ग्रुप के साथ ही थे और हादसे की 30 मिनट में ही सोमिता सिंह को बादशाहपुर क्षेत्र के दो निजी अस्पतालों में ले गए, लेकिन दोनों अस्पतालों में ही उसे भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद वे सोमिता को सेक्टर-10 स्थित निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनका कहना है कि अगर सोमिता को निजी अस्पताल में इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच जाती, लेकिन निजी अस्पतालों द्वारा कर्तव्यों का पालन नहीं करने से एक युवती की जान चली गई।
दोनों निजी अस्पतालों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है कि उन्होंने घायल युवती को इलाज के लिए भर्ती क्यों नहीं किया। वहीं, दोनों अस्पतालों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी कि कितने समय पर युवती को अस्पतालों में लाया गया था। - नवीन कुमार, जांच अधिकारी।





