Gurugram: निर्माण में लापरवाही, 23वीं मंजिल से गिरी कंक्रीट स्लैब

गुरुग्राम: सेक्टर-109 की एटीएस ककून सोसाइटी में बड़ा हादसा टल गया। सोसाइटी की 23वीं मंजिल से स्लैब गिरने से बालकनी में गार्डनिंग कर रही महिला बाल-बाल बच गई।
सेक्टर-109 की एटीएस ककून सोसाइटी के टावर 5 में ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली अपर्णा अग्रवाल ने बताया कि वह देर शाम को अपने फ्लैट की बालकनी में गार्डनिंग कर रही थी। जैसे ही वह पौधों की देखभाल करके वापस मुड़ी और कमरे में जाने के लिए दो कदम चली ही थी कि जिस स्थान पर वह खड़ी थी, वहां पर दो भारी भरकम स्लैब आ गिरी। जोरदार आवाज सुनकर वह घबरा गईं और जैसे ही मुड़कर पीछे देखा तो वह कांप उठी। उन्होंने बताया कि 23वीं मंजिल से गिरी दो स्लैब का वजन करीब 30 किलो है। अगर वह एक सेकेंड और लेट हो जातीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
टावर के 23वीं मंजिल से गिरी स्लैब के कारण यहां जमीन करीब 5 इंच तक धंस गई। उन्होंने बताया कि यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले 9वीं मंजिल पर लगी स्लैब भी उनकी बालकनी में आकर गिरी थी। अपार्टमेंट बॉयर्स एसोसिएशन की तरफ से जिला प्रशासन व डीटीपी को ईमेल के जरिये शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।





