हरियाणा

Gurugram: हरियाणा पुलिस को मिले 312 नए वाहन, सीएम ने किया शुभारंभ

Admindelhi1
1 Jun 2026 1:25 PM IST
Gurugram: हरियाणा पुलिस को मिले 312 नए वाहन, सीएम ने किया शुभारंभ
x

गुरुग्राम: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरियाणा पुलिस के बेड़े में शामिल 310 नई मोटरसाइकिलों और दो कारों को सोमवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन यानी ईआरवी के रूप में काम करेंगे। वाहन कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के तहत होंडा मोटर फाउंडेशन द्वारा हरियाणा पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस के रिस्पांस टाइम की सराहना करते हुए कहा कि देश में ईआरवी का औसत रिस्पांस टाइम लगभग 18 मिनट है, जबकि हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर सात मिनट तीन सेकेंड कर दिया है। मुख्यमंत्री ने इसे सुशासन का वास्तविक स्वरूप बताया।

उन्होंने कहा कि हमने पुलिस विभाग में आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था कर आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत किया है। ये ईआरवी उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कदम हैं। मुख्यमंत्री ने जनता से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की भी अपील की। नए वाहनों में से गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट मिली है। फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट दी गई है। बाकी 210 मोटरसाइकिलें हरियाणा के अन्य जिलों को भेजी गई हैं।

डीजीपी अजय सिंघल ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन अत्याधुनिक वाहनों के शामिल होने से राज्य में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि ईआरवी संकरी गलियों में भी कम समय में मौके पर पहुंचेंगे, जिससे जनता की सुरक्षा और पुख्ता होगी। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक बिमला देवी, विधायक मुकेश शर्मा, गुरुग्राम पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, डीसीपी पूर्व संदीप कुमार और पूजा डाबला सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story