हरियाणा

Gurugram: जालसाज ने फ्लैट मालिक के साथ 4.45 लाख रुपये की ठगी की

Admindelhi1
26 March 2025 3:07 PM IST
Gurugram: जालसाज ने फ्लैट मालिक के साथ 4.45 लाख रुपये की ठगी की
x
"पुलिस ने जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की"

गुरुग्राम: साइबर अपराध थाना मानेसर क्षेत्र में जालसाज ने एसबीआई का चीफ मैनेजर बताकर एक फ्लैट मालिक से 4.45 लाख रुपये की ठगी कर ली। खाते में रुपये नहीं आने की बात कहकर आरोपी फ्लैट मालिक से बार-बार रुपयों की ट्रांजेक्शन कराता रहा। पीड़ित फ्लैट मालिक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-89 की टयूलिप सोसाइटी निवासी विकास कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पिरामिड सोसाइटी में एक फ्लैट है। फ्लैट को किराये पर देने के लिए उसने ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। विकास कुमार नाम के एक व्यक्ति ने फ्लैट मालिक को कॉल करके बताया कि वह एसबीआई का चीफ मैनेजर है और बिहार का रहने वाला है। उसका ट्रांसफर गुरुग्राम के गांव सिकंदरपुर स्थित शाखा में हुआ है। उसको फ्लैट की आवश्यकता है। कॉल करने वाले ने अपना आधार कार्ड व बैंक का आईकार्ड फ्लैट मालिक विकास कुमार को व्हाट्सएप किया। इसके बाद उनके बीच 19 हजार रुपये मासिक किराया तय हो गया।

वहीं, आरोपी ने फ्लैट मालिक को बताया कि उसको बैंक कि तरफ से छह माह का किराया एक साथ मिलता है। वह खाते में छह माह का किराया इकट्ठा डाल देगा। इसके बाद कॉल करने वाले ने फ्लैट मालिक के बैंक खाते में एक रुपये डाला, जोकि उनके खाते में आ गया। इसके बाद फ्लैट मालिक के पास आरोपी की कॉल आई, उसने कहा कि छह माह का 95 हजार रुपये किराया उसके खाते में डाल दिया है। इसमें एक माह का किराया व एक माह की सिक्योरिटी के तौर पर रखकर बाकी राशि वापस खाते में भेज दें। फ्लैट मालिक ने विश्वास करके 23 जनवरी को 38 हजार रुपये भेज दिए। उसने बाद भी आरोपी झूठ बोलकर रुपये मंगवाता रहा। कई बार रुपये भिजवाने के बाद यह भी कहा गया कि रुपये नहीं मिले, तो फ्लैट मालिक ने 19 हजार रुपये भेज दिए।

इसके बाद 24 जनवरी को फ्लैट मालिक ने आरोपी विकास कुमार को 19000 रुपये, 57000 रुपये से दो ट्रांजेक्शन किए। वहीं, 25 जनवरी को आरोपी ने फ्लैट मालिक को 10 रुपये डालने को बोला, तो उन्होंने 10 रुपये भेज दिए। इसके बाद 27 जनवरी को 50,000 रुपये, 20,000 रुपये, 15,000 रुपये, 80,000 रुपये, 30,000 रुपये, 60,000 रुपये ट्रांसफर किए। ऐसे में आरोपी विकास कुमार ने फ्लैट मालिक विकास कुमार के साथ धोखाधड़ी करके 4.45 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर ठगी की है।

जांच अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों के नाम विकास कुमार हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story