Gurugram: आईफोन ठगी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की जांच शुरू

गुरुग्राम: सोशल मीडिया के माध्यम से आईफोन बेचने के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने हिसार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से छह मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड, दो बैंक पासबुक और 18 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
29 जनवरी को साइबर अपराध थाना पूर्व क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से आईफोन बेचने के नाम पर लगभग 30 हजार रुपये की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध विकास कौशिक ने बताया कि साइबर अपराध थाना पूर्व की टीम ने मामले में चार आरोपियों को हिसार से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हिसार के रामनगर निवासी सन्नी व अनिकेत, हिसार के शिवनगर निवासी हितेश जांगड़ा और हिसार के गांव कालीरावण निवासी मुकेश उर्फ रोहित के रूप में हुई है।
आरोपी अनिकेत, सन्नी व हितेश को तीन अप्रैल और आरोपी मुकेश को पांच अप्रैल को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि ठगी में प्रयोग किया गया बैंक खाता आरोपी अनिकेत के नाम से है और बैंक खाता में पंजीकृत मोबाइल नंबर आरोपी सन्नी के नाम से था। आरोपी अनिकेत व सनी ने यह बैंक खाता आरोपी हितेश को बेचा था और आरोपी हितेश ने यह बैंक खाता आगे आरोपी मुकेश को बेच दिया था। आरोपी मुकेश सोशल मीडिया के माध्यम से आईफोन बेचने के नाम पर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। बैंक खाता बचने के लिए आरोपी सनी को चार हजार रुपये, आरोपी अनिकेत को आठ हजार रुपये और आरोपी हितेश को 20 हजार रुपये मिले थे।





