Gurugram: बिजली के पोल और सब स्टेशन हीरो होंडा-उमंग भारद्वाज सिक्स लेन में बने बाधा

गुरुग्राम: दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली हीरो होंडा से उमंग भारद्वाज चौक सिक्स लेन सड़क के निर्माण में कई रुकावटें अभी तक दूर नहीं पाई हैं। इसमें मुख्य रूप से बिजली के पोल और 66केवी का सब स्टेशन है। इससे परियोजना में देरी हो रही है।
प्रदेश सरकार शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने पर जोर दे रहा है। इसके तहत प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने के साथ फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक की सड़क को 6 लेन कॉरिडोर का निर्माण करवाया जाना है। इस परियोजना को गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी परियोजना में शामिल किया गया था। हालांकि कॉरिडोर एलिवेटेड या सामान्य बनाने को लेकर ही लंबे समय तक रुकी रही। इस साल जीएमडीए ने इसे सिक्स लेन की सड़क बनाने का फैसला किया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) इस परियोजना को सिरे चढ़ाने में जुट गया है। रोड पर पेड़ों की कटाई पहले हो चुकी थी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकार ने सीवर-पानी और ड्रेनेज लाइन शिफ्ट के पैसे देगा। इसके बाद सीवर-पानी की लाइनों को शिफ्ट करने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। इस कॉरिडोर में सेक्टर 37 में बिजली निगम का 66केवी सब स्टेशन और सैकड़ों पोल हैं। इन पोल को हटाए बिना काम को आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही है।
पोल और बिजली सब स्टेशन को शिफ्ट करने को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में कई बैठकें हो चुकी हैं लेकिन यह काम अभी तक नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण और अन्य कार्य करने के लिए यातायात को सर्विस लेन पर शिफ्ट करना होगा। जबकि, सब स्टेशन व बिजली के पोल कार्य में रुकावट डाल रहे हैं। पोल व सब स्टेशन को शिफ्ट करने में खर्चा बिजली निगम ने बनाकर दिया हुआ है लेकिन पैसे को लेकर बात फंसी हुई है। मेन रोड के साथ दोनों तरफ सर्विस लेन का निर्माण भी किया जाएगा। परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक की रोड निर्माण में सीवर-पानी को शिफ्ट करने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। इस परियोजना में बिजली के कई पोल आ रहे हैं और बिना उनके हटे काम को आगे बढ़ाने में परेशानी आ रही है।
उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बनेगा: एनएच-48 से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली हीरो होंडा से बसई रोड पर बसई गांव चौक पर फ्लाई ओवर और रेलवे लाइन पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा चुका है। अभी उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाई ओवर नहीं बना है। एनएचएआई द्वारा उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बन जाने से वाहन चालक बिना किसी परेशानी के एनएच-48 से द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे। दूसरी ओर उमंग भारद्वाज चौक से पटौदी रोड से लोग द्वारका एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे। लोगों के पास पटौदी और बसई रोड से द्वारका एक्सप्रेसवे जाने का विकल्प होगा।
मेट्रो भी इसी रूट से जानी है
इसी रोड के साथ ही बायीं ओर गुरुग्राम मेट्रो की लाइन जाएगी। पहले चरण में मिलेनियम सिटी से सेक्टर नौ तक मेट्रो निर्माण को लेकर टेंडर जारी किया गया है। ऐसे में मेट्रो निर्माण में भी बिजली के पोल और सब स्टेशन परेशानी डालेंगे। संबंधित विभाग को इस समस्या का जल्द समाधान करना होगा।





