हरियाणा

Gurugram: नशे में धुत चालक ने सड़क पर कई वाहनों को रौंदा

Admindelhi1
17 May 2026 9:20 PM IST
Gurugram: नशे में धुत चालक ने सड़क पर कई वाहनों को रौंदा
x
"पुलिस समेत कई वाहन दुर्घटना का शिकार"

गुरुग्राम: सोहना थाना क्षेत्र के गांव दमदमा मोड़ पर नशे में धुत मर्सिडीज चालक ने जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार मर्सिडीज ने महिला लेक्चरर की कार को टक्कर मारने के बाद जूस के स्टॉल में घुसकर दुकानदार को घायल किया। इसके बाद ट्रैफिक बूथ पर खड़ी चार पुलिस गाडिय़ों को तोड़ते हुए मर्सिडीज पेड़ से जा टकराई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार नूंह के गांव उदाका निवासी स्मिता भोंडसी स्थित विद्यालय में लेक्चरर हैं। वे अपनी टाटा टियागो कार से अप-डाउन करती हैं। वह कार से घर लौट रही थीं।

दमदमा मोड़ की लालबत्ती पर पीछे से तेज रफ्तार से आई मर्सिडीज टियागो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टियागो कार 360 डिग्री घूम गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने के बाद मर्सिडीज पास के जूस स्टॉल में घुस गई। वहां बैठे दुकानदार और उनके साथियों को चोट आई। इसके बाद भी मर्सिडीज ट्रैफिक बूथ पर खड़े वाहनों को तोड़ती चली गई। जिनमें एएसआई सुभाष की आई-10 टियागो, पुलिस की बाइक व राइडर को तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने नशे में धुत चालक को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान तावडू निवासी बुधराम के रूप में हुई।

आरोपी के साथ बैठा एक युवक फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।

Next Story