भारत

अधिवक्ता से तीखी बहस के बाद, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

SHIDDHANT
17 May 2026 9:16 PM IST
अधिवक्ता से तीखी बहस के बाद, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
x
जज को ज्यूडिशियल अकादमी भेजा
Delhi दिल्ली: हाई कोर्ट ने रोहिणी कोर्ट में जिला न्यायाधीश-04 राकेश कुमार और एक अधिवक्ता के बीच हुई तीखी बहस के मामले में बड़ा कदम उठाया है। विवाद बढ़ने के बाद हाई कोर्ट ने जिला न्यायाधीश राकेश कुमार को न्यायिक कार्यों से हटाकर दिल्ली ज्यूडिशियल अकादमी से संबद्ध कर दिया है, जहां वे निदेशक के रूप में कार्य करेंगे।
हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अरुण भारद्वाज द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उनकी जगह दिल्ली ज्यूडिशियल अकादमी के अतिरिक्त निदेशक धीरज मित्तल को उत्तर-पश्चिमी जिला, रोहिणी में जिला न्यायाधीश-04 नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को रोहिणी कोर्ट में सुनवाई के दौरान रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और अधिवक्ता राजीव तेहलान ने अदालत से पासओवर देने का अनुरोध किया था। इसी बात को लेकर अदालत में जिला न्यायाधीश और अधिवक्ता के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में तीखी नोकझोंक में बदल गई। कोर्टरूम में मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। रविवार को दिल्ली की सभी जिला
अदालत
बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति की आपात बैठक हुई, जिसमें जिला न्यायाधीश के व्यवहार को अनुचित और अस्वीकार्य बताया गया। समिति ने उनके तबादले और आचरण की जांच की मांग की थी।
हाई कोर्ट ने आदेश में यह भी निर्देश दिया कि जिला न्यायाधीश अपने पास लंबित और सुरक्षित फैसलों वाले मामलों की जानकारी नए अधिकारी को सौंपेंगे। ऐसे मामलों में आदेश या निर्णय अधिकतम दो से तीन सप्ताह के भीतर सुनाए जाएंगे और इसकी जानकारी संबंधित अदालतों की काज लिस्ट और वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
Next Story