हरियाणा

Gurugram: नशे की महफिल में मौत, मुंशी की हत्या कर आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे

Admindelhi1
21 May 2025 3:49 PM IST
Gurugram: नशे की महफिल में मौत, मुंशी की हत्या कर आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
x
"झगड़ा होने पर ली थी मुंशी की जान"

गुरुग्राम: ओल्ड रेलवे रोड पर सोमवार देर रात गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर आढ़ती के मुंशी सतीश उर्फ खंगा की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार दोपहर को पुलिस की टीम ने इस मामले को सुलझाते हुए हत्यारोपी धर्मेन्द्र (34 वर्ष) निवासी सुभाष नगर को गिरफ्तार कर लिया। शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया था। सोमवार रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि ओल्ड रेलवे रोड पर प्रेम मंदिर के सामने शराब ठेके के पास झगड़े में चोटें लगने से घायल युवक पड़ा है। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर के शव को मोर्चरी में पहुंचा दिया। मृतक की पहचान सतीश उर्फ खंगा निवासी गांव पिनाना जिला सोनीपत के रूप में हुई। मृतक के भाई मनोज ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सतीश उर्फ छंगा सुभाष नगर में रहता था। वह खांडसा मंडी में आढ़त पर मुंशी था। बीते सोमवार को सतीश दोपहर में घर लौटा लेकिन शाम चार बजे वह अपनी गाड़ी लेकर घर से निकला। रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि सतीश पर ओल्ड रेलवे रोड के पास एक वाइन शॉप के निकट किसी ने हमला किया है,जिससे उसकी मौत हो गई है। मनोज ने बताया कि हमले के समय सतीश की गाड़ी स्टार्ट थी।

पुलिस मामले में हत्यारोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर 12 घंटे में आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र (34 वर्ष) निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। आरोपी एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी धर्मेंद्र व सतीश उर्फ खंगा ओल्ड रेलवे रोड पर स्थित शराब के ठेके के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान सतीश उर्फ खंगा ने भी कुल्हाड़ी से एक वार धर्मेंद्र पर किया था, जिसमें आरोपी को चोट लगी। वहीं, आरोपी धर्मेंद्र ने कुल्हाड़ी से मृतक की गर्दन पर वार कर दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

Next Story