हरियाणा

Gurugram: बड़ी ठगी का खुलासा, 80.12 करोड़ हड़पने वाले 13 लोग पकड़े गए

Admindelhi1
3 April 2025 4:07 PM IST
Gurugram: बड़ी ठगी का खुलासा, 80.12 करोड़ हड़पने वाले 13 लोग पकड़े गए
x

गुरुग्राम: देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ 80.12 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले 13 आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोन फ्रॉड, शेयर मार्केट में निवेश, डेबिट कार्ड बनवाने, व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल से ब्लैकमेल करके व गूगल से फर्जी कस्टमर केयर के नंबर के माध्यम से धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों से 10 मोबाइल व छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। ये आरोपी बीते जनवरी, फरवरी व मार्च माह के दौरान गिरफ्तार किए गए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी, साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि इन मोबाइल फोन की इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से जांच कराने पर आरोपियों के देशभर में लगभग 80.12 करोड़ रुपयों की ठगी करने की 8,369 शिकायतें और 327 मामले दर्ज मिले हैं। इनमें से 18 मामले हरियाणा में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम के साइबर अपराध थाना पूर्व में तीन मामले और साइबर अपराध थाना दक्षिण में तीन मामले दर्ज हैं।

एसीपी प्रियांशु दीवान ने बताया कि साइबर अपराध थाना पूर्व की पुलिस टीम ने अतुल कुमार, रोहित, मुकीम उर्फ मोनू चौधरी, यतिन कुमार पाठक, राहुल, मुनेश, आदित्य चतुवेर्दी व अविनाश शर्मा को गिरफ्तार किया। साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस टीम ने रामप्रकाश, मुजम्मिल, नीलोफर, अभिषेक कुमार मिश्रा व हर्षित शुक्ला को गिरफ्तार किया है। संबंधित थानों में आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Next Story