Gurugram: एक फ्लैट से दंपती द्वारा मांस की सप्लाई करने का मामला सामने आया

गुरुग्राम: गांव धुनेला स्थित ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी के एक फ्लैट से दंपती द्वारा मांस की सप्लाई करने का मामला सामने आया है। रविवार की सुबह सोसाइटी गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान दो डिलीवरी ब्वॉय द्वारा मांस की सप्लाई करते हुए पकड़े जाने की सूचना मिलने पर गोरक्षा दल के सदस्य सोसाइटी पहुंचे और हंगामा किया। जांच में सामने आया कि फ्लैट में रहने वाले पति-पत्नी नूंह के रोजकामेव से मांस लाकर अपने फ्लैट में रखते थे और डिलीवरी ब्वॉय के जरिए गुरुग्राम के अलग-अलग क्षेत्रों में यह मांस सप्लाई किया जाता था। भोंडसी थाना पुलिस ने मांस जब्त करके लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि मांस किस पशु का है।
ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी गौरव और गोरक्षा दल के सदस्य आदेश खटाना ने भोंडसी थाना में मामले में शिकायत दी है।रविवार की सुबह लगभग पांच बजे स्वीगी कंपनी की जैकेट व टी-शर्ट पहने दो डिलीवरी ब्वॉय सोसाइटी में आए। जब यह जाने लगे तो संदेह होने पर निकलने वाले गेट पर दोनों को रोका गया। सुरक्षा अधिकारी सतवीर, भरत व सिकंदर ने बाइकों पर पीछे रखे बैगों की जांच की गई तो इसमें मांस के दो कट्टे मिले। दोनों कट्टों में 20-20 किलो तक मांस था।
डिलीवरी ब्वॉय से मांस की सप्लाई के बारे में जानकारी ली गई तो पता चला कि सोसाइटी के टावर नंबर-5 के फ्लैट नंबर-5804 से कट्टे लेकर जा रहे थे। इसकी सूचना पुलिस और काउ टास्क फोर्स को दी। पुलिस टीम और काउ टास्क फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और एक डाक्टर को भी बुलाया गया। सोसाइटी में गोमांस की सप्लाई की जानकारी मिलने पर गोरक्षा दल के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।





