Faridabad: सोशल मीडिया पर गाली-गलौज वाले वीडियो डालने पर युवक की गोली मारक हत्या

फरीदाबाद: पल्ला थाना एरिया के इस्माइलपुर एमसीडी टोल के नजदीक शराब ठेके के पास गोलियां मारकर 26 साल के सूरज की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर दो आरोपियों आकाश और रोहन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से शुरूआती पूछताछ में पता चला कि सूरज के मालिक देवेंद्र और इनके पक्ष में 2017 में झगड़ा हुआ था। सूरज इनके पक्ष को गाली देते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। इसी के चलते शुक्रवार देर रात उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों से टीम पूछताछ कर अन्य आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
हत्या की ये वारदात शुक्रवार देर रात साढ़े 12 बजे हुई। इस्माइलपुर एमसीडी टोल के पास बने शराब ठेके के साथ में ही कार सवार कुछ लोगों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से भाग गए। पल्ला थाना एरिया की नवीन नगर चौकी की पुलिस टीम को सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लहूलुहान हालत में पड़े युवक को इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीन आॅफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मौके से गोली के 10 खोल बरामद किए। सूचना परिवार वालों को दी गई तो परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे।
मृतक की मां के बयान पर दर्ज हुई एफआईआर: मृतक की पहचान इस्माइलपुर की शिवम कॉलोनी निवासी सूरज के तौर पर हुई। उसकी मां संतोष ने बीके अस्पताल में बयान दिया कि उनका बेटा बसंतपुर गांव निवासी देवेंद्र अवाना के पास नौकरी करता था। 2 दिन पहले सूरज ने बताया था कि बसंतपुर गांव के सुखराज, गुल्लू, आकाश के अलावा अन्नु व आकाश भड़ाना उसे मारने की धमकी दे रहे हैं। वे पीछा भी कर रहे हैं और कभी भी हत्या कर सकते हैं। मां ने कहा कि मैं इनके घर जाकर बात करूंगी लेकिन जब तक बात कर पाती, आरोपियों ने हत्या कर दी। महिला के बयान पर पल्ला थाने में हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
अपराध शाखा की टीम ने पकड़े आरोपी: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता के निर्देश पर टीमों को जांच में लगाया गया। अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने मामले में बसंतपुर गांव के रोहन उर्फ गुल्लू व आकाश को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चचेरे भाई हैं। आकाश दिल्ली के जैतपुर में ओयो होटल चलाता है और रोहन गांव में ही दूध की डेयरी चलाता है। आरोपियों ने साल 2017 में देवेंद्र के साथ हुए झगड़े के बाद सूरज के उन्हें गाली देते हुए वीडियो बनाने के चलते हत्या की बात कबूली है।





