हरियाणा

Faridabad: आरओ मेन्युफैक्चरिंग यूनिट आग की चपेट में

Admindelhi1
9 March 2026 6:21 PM IST
Faridabad: आरओ मेन्युफैक्चरिंग यूनिट आग की चपेट में
x

फरीदाबाद: एनआईटी-5 नंबर इलाके में रविवार देर रात एक आरओ मैन्युफैक्चरिंग के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की पांच गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात की है। आसपास के लोगों को अचानक तेज जलने और कुछ फटने जैसी आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर जब लोग अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि उनके घरों के पास स्थित पांच से आठ लीटर क्षमता वाले आरओ मशीनों की मैन्युफैक्चरिंग के गोदाम में आग लगी हुई है। आग की लपटें और धुआं तेजी से फैल रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। एनआईटी फायर स्टेशन के ऑफिसर राकेश कुमार ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि एनआईटी क्षेत्र के 5॥/51 नंबर मकान में बने गोदाम में आग लगी हुई है। शुरुआत में एक गाड़ी भेजी गई थी, लेकिन आग काफी भयंकर थी, जिसके चलते अन्य गाडिय़ों को भी बुलाना पड़ा। फायर ब्रिगेड की कुल पांच गाडिय़ों ने करीब चार घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम के अंदर रखा अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि गोदाम में आरओ मशीन से संबंधित सामान और 5 से 8 लीटर क्षमता वाले आरओ मशीन व छोटे प्लास्टिक कैन बनाए जाते थे। अंदर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई। फायर स्टेशन ऑफिसर राकेश कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी की चिंगारी होना बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना गोदाम के मालिक गोपाल को भी दे दी गई थी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंच गए। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया, जिससे मालिक को भारी नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि गोदाम में रात के समय कोई मौजूद नहीं था। यहां दिन के समय ही कर्मचारी काम करते हैं। इस कारण इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आसपास के इलाकों को सुरक्षित कर लिया।

Next Story