हरियाणा

Faridabad: रैपिडो चालक निकला ठग, 39 लाख की धोखाधड़ी में हुई गिरफ्तारी

Admindelhi1
14 Jun 2025 12:27 PM IST
Faridabad: रैपिडो चालक निकला ठग, 39 लाख की धोखाधड़ी में हुई गिरफ्तारी
x
"ठगी के 3 लाख रुपये आरोपी के खाते में आए थे"

फरीदाबाद: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 39 लाख रुपये की ठगी में शामिल खाताधारक आरोपी रैपिडो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुमित कुमार (27) निवासी सुल्तानपुरी नई दिल्ली के रूप में हुई है। ठगी के 3 लाख रुपये आरोपी के खाते में आए थे।

सेक्टर-78, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि 8 नवंबर 2024 को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया। जिसमें ट्रेडिंग करने के बारे में बताया गया था। फिर ट्रेडिंग के लिए उसकी बात ठगों से होने लगी। ठगों ने उसे एसएमसी ग्राहक सेवा में निवेश कर मोटा पैसा कमाने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने लालच में आकर निवेश के लिए 34 लाख 43 हजार रुपये ठगों के खाते में जमा करवा दिए। निवेश के कुछ समय बाद उसके खाते में लाभ के साथ 1 करोड़ 94 लाख 64 हजार 643 रुपये दिखने लगे। जब उसने पैसे निकालने चाहे तो ठगों ने कमीशन के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की। जिस पर शिकायतकर्ता ने लालच में आकर 5 लाख भी ठगों को दे दिए। इसके बाद ठगों ने 19 लाख रुपये की मांग की। जिस पर उनको शक हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए सुमित कुमार (27) निवासी सुल्तानपुरी नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खाताधारक है और इसके खाते में ठगी के 3 लाख रुपये आये थे। आरोपी दिल्ली में रैपिडो में बाइक चलाने का काम करता है। जिसने अपना खाता ठगों को दिया था। आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Next Story