Faridabad: मुंशी ने रची थी 6 लाख रुपये लूट की झूठी कहानी

फरीदाबाद: सरिया कारोबारी के मुंशी ले ही खुद से पिस्तौल व चाकू की नोक पर 6 लाख रुपये लूट की झूठी कहानी रची थी। अपराध शाखा ऊंचागांव की टीम ने पूछताछ के बाद आरोपी मुंशी गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वो भूड़ कॉलोनी का रहने वाला है। बीते ढाई साल से वो कारोबारी के पास बतौर मुंशी काम कर रहा है।
आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि शनिवार 29 मार्च को सेक्टर-19 में कारोबारी के घर से 6 लाख रुपये लेकर उसने प्लान बनाया और अपने घर जाकर रुपये रख दिए। बाद में कारोबारी की इनोवा कार से आईएमटी एरिया पहुंच कारोबारी को सूचना दी कि बाइक सवार बदमाशों ने रुपये लूटकर उसे यहां छोड़ दिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उससे 6 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
ओल्ड थाने में शनिवार शाम को सेक्टर-19 निवासी तुषार जिंदल ने शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया कि ओल्ड फरीदाबाद में उनकी सरिया की दुकान है। शनिवार को उन्होंने मुंशी गुड्डू को इनोवा कार देकर घर से 6 लाख रुपये लाने को भेजा था। लेकिन घर से रुपये लेकर वो काफी देर तक दुकान नहीं पहुंचा तो कॉल करने पर नंबर बंद मिला। बाद में एक अंजान नंबर से गुड्डू ने कॉल कर बताया कि लूट हो गई है और मैं कार के साथ आईएमटी की नहर पर खड़ा हूं।
कारोबारी अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचे तो मुंशी ने बताया कि घर से कैश लेकर चला तो पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार पर मुक्के मारकर रुकवा लिया। कार रुकते ही आरोपी अंदर बैठ गए और पिस्तौल व चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देते हुए 6 लाख रुपये लूट लिए। आरोपियों ने उसे बंधक बनाने के बाद आईएमटी एरिया में लूटकर छोड़ दिया। ओल्ड फरीदाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच करते हुए अब मुंशी को ही काबू कर लिया है।





