Faridabad: झाड़सेतली में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत

फरीदाबाद: सेक्टर-58 थाना एरिया के झाड़सेतली में 19 साल की विवाहिता सोनिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोनिया की शादी एक महीने पहले ही अनिकेश उर्फ अन्नू से 12 फरवरी 2025 को हुई थी। युवती के फूफा ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-58 थाना में मृतका के पति, सास और फूफी सास के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पलवल के मानपुर गांव निवासी संजय की 19 साल की बेटी सोनिया राहुल कॉलोनी में अपने फूफा भूरी के घर रहती थी। फूफा ने ही सोनिया का पालन-पोषण किया और 12 फरवरी 2025 को सोनिया की शादी झाड़सेतली निवासी अनिकेश उर्फ अन्नू के साथ की। आरोप है कि शादी के बाद से ही अनिकेश व परिवार के अन्य लोग मिलकर दहेज के लिए सोनिया को परेशान करते थे। इसी के चलते गला दबाकर युवती की हत्या कर दी गई। वहीं आस-पास के लोगों में चर्चा है कि रात दो बजे अनिकेश ने सोनिया को जगाकर चाय बनाने को कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में सोनिया की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।





