
फरीदाबाद Faridabad: फरीदाबाद के पल्ला थाना इलाके की गिरदावर कॉलोनी में लड़की से छेड़छाड़ कर रहे बदमाशों का विरोध करने पर एक आदमी को अंजाम भुगतना पड़ा। बदमाशों ने उसकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गिरदावर कॉलोनी निवासी जयसिंह बैसला (34) के रूप में हुई है। वह टैक्सी चलाकर अपने परिवार का गुज़ारा करता था और उसके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
सोमवार दोपहर वह अपने दोस्त सौरभ के साथ घर के पास एक पार्क में बैठा था। वहां कॉलोनी के कुछ और युवक भी मौजूद थे। इसी बीच, एक लड़का अपनी बहन के साथ कॉलोनी की तरफ जा रहा था। पार्क में कुछ युवकों ने लड़की को परेशान करना शुरू कर दिया। यह देखकर जय सिंह ने युवकों को धमकाकर भगा दिया। जयसिंह के चाचा राम प्रकाश आर्य ने बताया, “रात के करीब 8.00 बजे थे, जयसिंह और सौरभ फिर से पार्क में बैठे थे। चार-पांच लड़के उनके पास आए और जयसिंह पर चाकुओं से हमला कर दिया, उसे आठ से दस बार चाकू मारा और पार्क से भाग गए। वह घायल हो गया और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”





