
फरीदाबाद: जिले के खिलाड़ियों को जल्द ही बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। खेल विभाग ने सेक्टर 12 खेल परिसर के रख-रखाव की जिम्मेदारी निजी हाथों में सौंपने का निर्णय लिया है। इसके लिए जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। मुख्यालय से स्वीकृति मिलते ही टेंडर की प्रकिया पूरी कर निजी कंपनी को काम सौंप दिया जाएगा।
सेक्टर 12 खेल परिसर में रोजाना एक हजार से अधिक खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक व हॉकी खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रो टर्फ बनाए गए हैं। इसके अलावा स्केटिंग ट्रैक व फुटबॉल मैदान है। इसके रखरखाव को ध्यान में रखते हुए खेल निदेशालय ने जल्द ही निजी हाथ में सौंपने का निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
मालूम हो कि इससे पहले सेक्टर 12 खेल परिसर की देखरेख की जिम्मेदारी फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) को सौंपने की योजना तैयार की गई थी लेकिन खेल विभाग व एफएमडीए के बीच तालमेल नहीं बैठने के कारण यह योजना सफल नहीं हो पाई थी।
प्रदेश सरकार की ओर से खेल को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसी क्रम में खेल परिसर को भी मेंटेन करने का निर्णय लिया गया है। जिससे खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। इसे ध्यान में रखते हुए खेल परिसर के रख-रखाव की जिम्मेदारी निजी हाथ में सौंपी जा सकती है।- गिरीराज, खेल विभाग उपनिदेशक।





