हरियाणा

Faridabad: मजदूरों का अपहरण, बंधक बना कर दो लाख रुपये की निकासी की

Admindelhi1
4 April 2025 3:10 PM IST
Faridabad: मजदूरों का अपहरण, बंधक बना कर दो लाख रुपये की निकासी की
x
थाना सिटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की

फरीदाबाद: अंबेडकर चौक पर दिहाड़ी मजदूरी के लिए खड़े तीन मजदूरों का कार में अपहरण कर खाते से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। आरोपी मजदूरों को कंपनी में काम करने के लिए अपनी गाड़ी में बैठाकर नूंह स्थित गांव रिंगड के खेतों में ले गए। वहां पर मजदूरों को बंधक बनाकर उनके खाते से पैसे निकालने के बाद वापस फरीदाबाद छोड़ दिया। आरोप है कि छोड़ने से पहले आरोपियों ने उनको जान से मारने की धमकी दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि थाना सिटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

३२ गांव मिजार्पुर निवासी संदीप ने बताया कि वह मूलरूप से गांव घुसराना जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। दो अप्रैल की सुबह वह अपने साथी ऐनुल निवासी हसमत नगर नगला गुलरिया जिला फिरोजाबाद यूपी और अखिलेश कुमार निवासी बसंतपुर जिला फैजाबाद उत्तर प्रदेश तीनों लेबर अंबेडकर चौक पर मजदूरी के लिए खड़े थे। कुछ समय बाद उनके पास एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें दो लड़के मौजूद थे। उन्होंने उन तीनों को कंपनी में मजदूरी करने के लिए गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी में बैठने के बाद कंपनी जाने से पहले आरोपियों ने कहा कि वह अपने घर से आईडी ले लें। क्योंकि कंपनी में आईडी के बिना नहीं जाने दिया जाएगा। इसके बाद वह उनको किराये के कमरे में लेकर गए जहां तीनों ने अपने-अपने आधार कार्ड ले लिए और गाड़ी में बैठाकर चल दिए।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी आपस में जावेद और साहिद का नाम ले रहे थे। उन्होंने देखा कि गाड़ी फरीदाबाद से बाहर को जा रही है, जिसके लिए तीनों ने मना किया। आरोप है कि उसी बात पर आरोपियों ने उनको चाकू दिखाकर चुपचाप बैठे रहने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उनको रिंगड गांव जिला नूंह के खेतों ले गए। वहां पर आरोपियों के करीब 10 अन्य साथी वहां पर पहले से मौजूद थे। सभी ने उनको बंधक बनाकर उनके आधार कार्ड लेकर मशीन पर अंगूठा लगाकर उनके खाते से रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए। आरोप है कि आरोपियों ने तीनों के खाते से करीब दो लाख से अधिक रुपये निकाले हैं। पैसे निकालने के बाद सभी आरोपियों ने उनको वापस फरीदाबाद छोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story