Faridabad: महिला के फेसबुक अकाउंट पर अश्लील फोटो पोस्ट करने पर पहला पति गिरफ्तार

फरीदाबाद: वजीरपुर क्षेत्र में रहने वाली महिला की फोटो को एडिट कर अश्लील बनाकर फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पोस्ट करने के मामले में महिला के पहले पति को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने दिल्ली के गोविंदपुरी से आरोपी बापीदास (30) को काबू किया है। आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता चला कि महिला और आरोपी दोनों ही दूसरी शादी कर चुके हैं। पहली पत्नी को बदनाम करने के लिए आरोपी ने ये काम किया था। फर्जी प्रोफाइल बनाकर फोटो एडिट कर आरोपी फेसबुक पर अश्लील फोटो स्टोरी पर लगाता था। आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को ये शिकायत 22 मार्च को मिली थी। नहर पार वजीरपुर एरिया में रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया कि उसकी पत्नी की फोटो को एडिट कर अश्लील बनाकर कोई अज्ञात फेसबुक आईडी पर पोस्ट कर रहा है। आरोपी ने महिला के नाम से ही प्रोफाइल बनाई हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।





