हरियाणा

Faridabad: फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सेक्सटॉर्शन गैंग का खुलासा

Admindelhi1
20 July 2026 5:55 PM IST
Faridabad: फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सेक्सटॉर्शन गैंग का खुलासा
x
सेक्सटॉर्शन गैंग पर पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी दबोचे गए

फरीदाबाद: दिल्ली पुलिस की उत्तर-पूर्व जिला साइबर थाना टीम ने सेक्सटॉर्शन के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए फरीदाबाद के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने एक व्यक्ति को अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे करीब छह लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस का दावा है कि आरोपी राजस्थान के मेवात क्षेत्र से संचालित एक संगठित साइबर गिरोह के लिए काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश (18) निवासी जीवन नगर पार्ट-2, कुनाल (22) और इमरान (23) निवासी एसी नगर, नीलम-बाटा रोड, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली के गंगा विहार निवासी के.एल. त्रिपाठी (44) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि छह मई को उन्हें वॉट्सएप पर एक महिला की वीडियो कॉल आई। महिला ने सोशल मीडिया पर परिचित होने का दावा करते हुए बातचीत शुरू की और उन्हें आपत्तिजनक हरकत करने के लिए उकसाया। इसी दौरान उनकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई। कुछ देर बाद अलग-अलग नंबरों से फोन आने लगे। कॉल करने वाले खुद को पुलिसकर्मी, सरकारी अधिकारी और सोशल मीडिया कंपनी का प्रतिनिधि बताकर वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने तथा कानूनी कार्रवाई की धमकी देने लगे।

लगातार दबाव बनाए जाने पर पीड़ित ने डर के कारण विभिन्न बैंक खातों, यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड के माध्यम से कई किश्तों में कुल 5.80 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने उत्तर-पूर्व जिला साइबर थाने में शिकायत दी। मामले की जांच थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल कुमार की निगरानी में गठित टीम ने शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के आधार पर पुलिस पहले रविवार को राजेश तक पहुंची और उसके बाद कुनाल व इमरान को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने इमरान के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मेवात से संचालित सेक्सटॉर्शन नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Next Story