हरियाणा

Faridabad: जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

Admindelhi1
27 April 2026 3:56 PM IST
Faridabad: जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
x

फरीदाबाद: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को साप्ताहिक ‘जनसुनवाई शिविर’ का आयोजन किया गया। यह शिविर अब प्रत्येक सोमवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। इस जनसुनवाई शिविर में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और निगमायुक्त धीरेंद्र खडग़टा स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान की प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे।

शिविर की विशेष व्यवस्था यह की गई है कि नगर निगम के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े रहेंगे। इससे जहां एक ओर शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर कार्यालयों के नियमित कार्य में भी किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। आज आयोजित जनसुनवाई शिविर में विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों से आई अनेक समस्याओं को विस्तार से सुना गया। इनमें गांव साहुपुरा, वार्ड-45 की कॉलोनी में गंदे पानी के भराव की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई।

इसके अलावा वार्ड-18 से सीवर लाइन में लीकेज, वार्ड-12 के पार्क में लाइटिंग व्यवस्था की कमी और पार्क के सौंदर्यकरण से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शिविर के माध्यम से नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत किया जा रहा है, जिससे शहर की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा और नगर निगम की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस अवसर पर पार्षद जसवंत सैनी, पार्षद प्रदीप टोंगर,पार्षद मनोज नास्वा, पार्षद कुलदीप सहानी, पार्षद प्रियंका बिष्ट सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Next Story