हरियाणा

Faridabad: ऑटो में आए बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बनाया निशाना

Admindelhi1
21 Jun 2025 4:54 PM IST
Faridabad: ऑटो में आए बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बनाया निशाना
x
"सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच जारी"

फरीदाबाद: सेक्टर-15ए में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर कुल्हाड़ी के बल पर लूट करने वाले दोनों नकाबपोश बदमाश आॅटो में सवार होकर यहां आए थे। आरोपी मकान से कुछ दूरी पर आॅटो से उतरे और फिर पैदल ही घर तक आए। यहां से वारदात कर वे कैश व ज्वेलरी के साथ ही सेंट्रो कार भी लूट ले गए। पुलिस की टीमें अब आरोपियों के कार लेकर जाने का रूट और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि थाना पुलिस के साथ ही अपराध शाखा की टीमों को जांच में लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

वहीं मामले में पुलिस ने बुजुर्ग दंपती के घर काम करने वाली घरेलू सहायिका से भी पूछताछ शुक्रवार को की है। लेकिन इस पूछताछ में कोई खास जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है। पुलिस अभी ये मान रही है कि घरेलू सहायिका की इसमें कोई भूमिका नहीं है।

लूट की ये वारदात गुरुवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे हुई थी। एफआईआर के लिए पुलिस को ये शिकायत डीएलएफ सेक्टर 10 निवासी कारोबारी अमित गांधी ने दी है। ये दो भाई व एक बहन हैं। अमित के अनुसार बड़ा भाई आशीष गांधी डॉक्टर है और बीते 5 साल से लंदन में परिवार के साथ रहता है। इनके बुजुर्ग पिता रघुनंदन गांधी और माता विजय गांधी बड़े भाई के मकान सेक्टर 15-अ में रहते हैं। दोपहर लगभग ढ़ाई बजे पड़ोसी ने अमित को कॉल कर बताया कि तुम्हारे माता-पिता को बंधक बनाकर लूट हुई है। शिकायतकर्ता यहां पहुंचे तो आरोपी जा चुके थे। आरोप है कि घर की अलमारी से 1.85 लाख रुपये नकद, सोने के दो कंगन, डायमंड का ब्रैसलेट, कान के 4 जोड़ी डायमंड के टाप्स, एक अंगूठी और सेंट्रो कार लूट ले गए।

Next Story