Faridabad: ड्यूटी से लौट रहे युवक पर हमला, पुलिस चौकी में सुरक्षित पहुंचा

फरीदाबाद; पैसों के लेनदेन में सेक्टर-16 में शनिवार तड़के कार सवार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने किसी तरह भागकर लगभग सौ मीटर दूर पुलिस चौकी में जाकर शरण ली।
आरोप है कि चौकी में पुलिसकर्मी करीब दो घंटे तक युवक को अस्पताल पहुंचाने में आना-कानी करते रहे। बड़ी मिन्नत के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेक्टर-17 थाने की पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। पुलिस की दो टीमों ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव दौलताबाद निवासी नेमराज (24) परिवार के साथ रहता है। वह सेक्टर-16 अनाज मंडी स्थित आॅनलाइन शॉपिंग सेंटर में डिलिवरी बॉय का कार्य करता है। युवक ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि रात करीब 12 बजे पैसों के लेनदेन को लेकर उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा शांत करा दिया। वह रात करीब तीन बजे ड्यूटी खत्म करके बाइक से घर वापस जा रहा था। वह सेक्टर-16 बाजार के बाहर से निकल रहा था। इस दौरान एक कार में सवार बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। कार सवार पांच बदमाशों ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि सभी आरोपियों ने उस पर चाकू से पांच वार किए।
अस्पताल पहुंचाने में आनाकानी करती रही पुलिस : नेमराज का आरोप है कि वह पुलिस चौकी पहुंचते ही मदद के लिए शोर मचाने लगे। इस पर चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी उसके पास आए और उसे एक चारपाई पर लिटा दिया। नेमराज ने पुलिसकर्मियों से अस्पताल ले जाने की मिन्नत की। आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले गए।
इस दौरान वह पुलिस चौकी में दर्द से कराहता रहा लेकिन पुलिसकर्मी आनाकानी करते रहे। काफी मिन्नत के बाद उसे नजदीक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और उसके परिजनों को सूचना दी। युवक का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और नशे के आदी हैं। आरोपी अक्सर मारपीट करने पर उतारू रहते हैं।
युवक के आरोपों को पुलिस ने किया खारिज : सेक्टर-16 पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने हमले में घायल युवक के आरोप को खारिज किया है। उनका कहना है कि युवक जैसे ही चौकी में पहुंचा तो तुरंत गाड़ी बुलाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने अस्पताल पहुंचाने से आनाकानी करने की बात से इंकार किया है। चौकी इंचार्ज ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।





