
फरीदाबाद: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, मार्च-पास्ट का निरीक्षण किया तथा परेड की सलामी ली। इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम की भावना को और सशक्त किया। समारोह से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने टाउन पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर वीर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अदम्य साहस व सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा में शहीदों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। आरती राव ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि यह हमें संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने वाला महत्वपूर्ण दिवस है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदानों के कारण ही आज हम स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाला लाजपत राय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित असंख्य महापुरुषों के संघर्ष और त्याग ने भारत को आजादी दिलाई और एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के साथ-साथ अंतरिक्ष विज्ञान में भी ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज की हैं। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर यान उतारने वाला विश्व का पहला देश बन गया है, जो हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने बताया कि प्रदेश के युवा आज भी सेना में भर्ती होना गौरव की बात मानते हैं और भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है।
युद्ध में शहीद हुए सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और अग्निवीरों की अनुग्रह राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की गई है। इसके अतिरिक्त, अग्निवीरों को सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है तथा शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की जा रही हैं।





