Haryana में बढ़ रहा है कोरोना, सामने आए 5 केस; यह कोई अंतरराष्ट्रीय यात्रा का इतिहास नहीं,

Chandigarh.चंडीगढ़। देश के बाकी राज्यों की तरह हरियाणा में भी कोरोना एक बार फिर पैर पसार रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा में अब तक कोरोना के पांच मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से तीन मामले फरीदाबाद और दो मामले गुरुग्राम के हैं। इससे चिंतित स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की रोकथाम के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दावा किया कि गुरुग्राम का एक मामला ठीक हो चुका है। उन्होंने लोगों से कहा है कि प्रत्येक जिले में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को जरूरी इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं। इसलिए किसी भी व्यक्ति को चिंता करने की जरूरत नहीं है। अब तक मिले कोरोना के सभी मामलों में किसी की अंतरराष्ट्रीय यात्रा का इतिहास नहीं है। देश में कोरोना के ढाई सौ से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, गुजरात और केरल के बाद हरियाणा में कोरोना के ये मामले सबसे ज्यादा सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि मरीजों में ज्यादा लक्षण नहीं देखे जा रहे हैं
हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में मिले पांच मामले इसलिए चिंता का विषय हैं, क्योंकि दोनों जिले राजधानी दिल्ली से सटे हैं। गुरुग्राम में हाल ही में मुंबई से लौटी 31 वर्षीय महिला और 62 वर्षीय व्यक्ति, जिनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है, संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। फरीदाबाद में पल्ला क्षेत्र के सेहतपुर निवासी 28 वर्षीय सुरक्षा गार्ड कोविड पॉजिटिव पाया गया। बुखार, खांसी और जुकाम के लक्षण दिखने पर उसकी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जांच की गई, जहां संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि मौजूदा जेएन1 वैरिएंट कम गंभीर है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि वर्तमान में कोविड-19 के चार सक्रिय मामले हैं, जिनका कोई अंतरराष्ट्रीय यात्रा इतिहास नहीं है। एक मामला ठीक हो चुका है। इन चार मामलों में दो पुरुष और दो महिला मरीज हैं, जिन्हें हल्के लक्षणों के कारण घर पर ही क्वारंटीन किया गया है।
उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की कोई जरूरत महसूस नहीं हुई है। वे सभी मरीज नियमित चिकित्सकीय निगरानी में हैं। इन मरीजों को पहले कोविड-19 रोधी टीका लगाया गया था, जिससे लक्षणों को न्यूनतम रखने में मदद मिली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि वर्तमान वैरिएंट हल्का और नियंत्रित है, और हम भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी सभी सलाह का पालन कर रहे हैं।नागरिकों को शांत रहने और कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन जारी रखने की सलाह दी गई है। एहतियात के तौर पर, राज्य भर के सिविल सर्जनों को रोकथाम के लिए तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए रसद और उपचार सुविधाओं को बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।कोविड-19 को अब एक अन्य प्रकार का वायरल संक्रमण माना जाता है, फिर भी हाथ की स्वच्छता, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनना और अनावश्यक भीड़ से बचने जैसी बुनियादी सावधानियां महत्वपूर्ण हैं।





