हरियाणा

कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा का मनोहर पर हमला

Admindelhi1
13 March 2024 8:52 AM GMT
कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा का मनोहर पर हमला
x
आज एक अहंकारी के राजनीतिक जीवन का अंत हुआ: नीरज शर्मा

फरीदाबाद: हरियाणा में मनोहर लाल द्वारा सीएम पद से त्यागपत्र देने और भाजपा अध्यक्ष नायब सैनी के मुख्मंत्री बनने पर फरीदाबाद में NIT 86 से कांग्रेस के विधायक नीरज शर्मा ने इसे अपने श्राप का परिणाम बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा की आज एक अहंकारी के राजनीतिक जीवन का अंत हुआ है।

विधायक नीरज शर्मा ने कहा कि जब उन्हें श्री राम नाम लिखे कपड़े पहनकर विधानसभा में प्रवेश नहीं करने दिया गया था, तब उन्होंने श्राप दिया था कि जल्द ही मनोहर लाल के राजनीतिक जीवन का अंत होगा। उनके दिए गए श्राप के बाद श्री राम ने एक अहंकारी रावण के राजनीतिक जीवन का अंत किया है।

कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने कहा की हमारे शास्त्र कहते हैं कि "नारी सताये तीन मिटे- रावण, कौरव, कंस, ब्राह्मण सताये सब मिटे- धन, वैभव और वंश'। इन्होंने अपने अंदर घमंड पैदा कर लिया था आदमी को आदमी नहीं समझ रहे थे। वहीं नीरज शर्मा ने कहा की हाल ही में उन्होंने विधानसभा सत्र में दो पंक्ति सुनाई थी। जिसमें उन्होंने कहा था जो चढ़े आकाश में एक दिन गिरा है गार में, सच बता किसका रहा बल सदा संसार में।

कांग्रेस विधायक ने कहा की जब उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ विधानसभा सत्र में जूते और कपड़े त्यागे थे, उसी दिन श्राप दे दिया था कि मुख्यमंत्री जी आप ज्यादा दिन इस कुर्सी पर नहीं रहोगे और आज आप सबके आगे है। नीरज शर्मा ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार कपड़े त्यागे थे, तब वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे, जिसे कैग की टीम और नगर निगम की टीम ने भी माना था कि भ्रष्टाचार हुआ है, लेकिन फिर भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

Next Story