Chandigarh: 17 अगस्त तक हरियाणा में तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम आयोजित होंगे

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। आज यह अभियान देश का बड़ा जन आंदोलन बन चुका है।
मंगलवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि इस बार हर घर तिरंगा अभियान को वंदे मातरम् को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् को साथ लेकर चलना नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का बड़ा अवसर है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है।
तिरंगा अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे तथा वंदे मातरम् के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। शिक्षण संस्थानों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम् की भावना से ओतप्रोत तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2021 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में 14 अगस्त को पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। हरियाणा में इसका राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम में होगा। यहां 13 अगस्त को विभाजन की त्रासदी से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा निकाली जाएगी।
20 फरवरी 2027 तक चलेगा समरसता संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान शुरू किया गया है, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान की शुरुआत संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से हुई। इस दौरान पवित्र मिट्टी से युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें देशभर के राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। वाराणसी से शुरू हुई कलश यात्रा अब विभिन्न राज्यों में पहुंच रही है और गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी गुरुग्राम पहुंच चुकी है।
हरियाणा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि देश ने 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया है। इनमें 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं।
उन्होंने बताया कि भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिनमें 5 बेटियां शामिल हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत खेल नीति और खिलाड़ियों को मिल रही बेहतर सुविधाओं के कारण देश खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।





