हरियाणा

Chandigarh: अधिकारियों द्वारा विधायकों की अनदेखी का मुद्दा गर्माया

Admindelhi1
17 Feb 2026 8:04 PM IST
Chandigarh: अधिकारियों द्वारा विधायकों की अनदेखी का मुद्दा गर्माया
x

चंडीगढ़: हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अधिकारियों द्वारा विधायकों की सुनवाई नहीं करने तथा अनदेखी किए जाने का मुद्दा एक बार फिर से उठ गया है। कैथल जिले में एक विधायक के खिलाफ एसडीएम से अभद्र व्यवहार करने के बाद पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया है। यह मामला विधानसभा के सत्र में उठे इससे पहले ही मंगलवार को विधान सभा सचिवालय में प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ बैठक कर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विधायकों की ओर से प्राप्त उन शिकायतों पर भी कड़ा संज्ञान लिया है, जिनमें कुछ सरकारी अधिकारियों पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संतोषजनक एवं अपेक्षित शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।

विस अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ शासकीय कार्यों में निर्धारित प्रक्रिया, मर्यादा और पारस्परिक सम्मान का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और विधायकों के बीच आधिकारिक व्यवहार के संबंध में केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट रूप से अपेक्षा की गई है कि अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ विनम्र, समयबद्ध और उत्तरदायी व्यवहार किया जाए। उनके पत्रों, सुझावों और संदर्भों पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए तथा संवाद की प्रक्रिया पारदर्शी और सम्मानजनक होनी चाहिए।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कुछ विधायकों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलोकतांत्रिक भाषा का इस्तेमाल करने की बात भी विस अध्यक्ष के संज्ञान में डाली। इस पर विधान सभा अध्यक्ष ने यह भी उल्लेख किया कि लोक सभा की विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट में जनप्रतिनिधियों के लिए भी नैतिक आचरण के मानदंड निर्धारित किए गए हैं।

जनप्रतिनिधियों को भी प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप से बचते हुए तथा नियमों एवं प्रक्रियाओं का सम्मान करते हुए सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शुचिता बनाए रखने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक और नियमानुसार व्यवहार सुनिश्चित किया जा सके तथा भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।

Next Story