हरियाणा

Chandigarh: हरियाणा के अस्पतालों में अत्याधुनिक मशीनें, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार

Admindelhi1
24 Oct 2025 11:28 AM IST
Chandigarh: हरियाणा के अस्पतालों में अत्याधुनिक मशीनें, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
x

चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि राज्य सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सा उपकरणों और मशीनों की कोई कमी न रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार नए उपकरणों और आधुनिक मशीनों की खरीद की जा रही है तथा उन्हें समय-समय पर संस्थानों में भेजा जा रहा है। हाल ही में प्रदेश के 6 जिलों पंचकूला, नारनौल, पानीपत, रेवाड़ी, सोनीपत और गुरुग्राम के सरकारी अस्पतालों में नई अल्ट्रासाऊंड मशीनें भेजी गई हैं।

इन मशीनों के इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही मरीजों की जांच शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा मैडीकल सर्विसेज कार्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से हाल ही में अनेक आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और मशीनों की खरीद के लिए दरें (रेट) तय की गई थीं।

अब उन्हीं के तहत राज्य के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में उपकरणों की आपूर्ति आरंभ कर दी गई है। आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी स्तरों पर आवश्यक संसाधनों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों के आने से जांच प्रक्रिया और अधिक सटीक एवं तेज होगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में अन्य जिलों के अस्पतालों में भी नई मशीनें भेजी जाएंगी, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को समान स्तर की चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

Next Story