हरियाणा

Chandigarh: हरियाणा सीईटी ग्रुप-डी के लिए रिकॉर्ड आवेदन, आंकड़ा साढ़े तीन लाख पार

Admindelhi1
25 Jun 2026 12:38 PM IST
Chandigarh: हरियाणा सीईटी ग्रुप-डी के लिए रिकॉर्ड आवेदन, आंकड़ा साढ़े तीन लाख पार
x
लाखों युवाओं ने किया आवेदन, अब परीक्षा की तैयारी तेज

चंडीगढ़: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा ग्रुप डी सीईटी के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा के लिए अब तक पंजीकरण करने वालों की संख्या साढ़े तीन लाख के पार हो चुकी है। आवेदन के लिए तीन जुलाई अंतिम दिन है।

आयोग का मानना है कि अगले सप्ताह के दौरान बड़ी संख्या में युवा आवेदन कर सकते हैं। फाइनल सब्मिशन वालों का आंकड़ा आठ लाख तक पहुंच सकता है।

ग्रुप-डी भर्ती-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू की गई है। अभ्यर्थी 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का भी अवसर दिया है। उम्मीदवार 7 जुलाई से 9 जुलाई तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा और एडमिट कार्ड जारी करने की तिथि बाद में अलग से घोषित की जाएगी।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कुल तीन लाख 88 हजार 551 अभ्यर्थियों ने सीईटी ग्रुप डी के लिए पंजीकरण किया है। इनमें से दो लाख 14 हजार 699 ने सभी औपचारिकताएं पूरी करके फाइनल सब्मिशन कर दिया है।

सिंह ने बताया कि अभी भी कुछ अभ्यर्थी अपना फार्म स्वयं न भरकर किसी दूसरे से अथवा सीएससी सेंटरों से भरवा रहे हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपने फार्म की खामियां तथा अन्य कई तरह की दिक्कतों के बारे में पता नहीं लग रहा है। ऐसे में बेहतर होगा अभ्यर्थी अपना फार्म स्वयं भरें तथा फाइनल सब्मिट करने से पहले दो बार जांच जरूर करें। आयोग द्वारा अपने आधिकारिक साइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नियमित रूप से अपडेट दिया जा रहा है।

Next Story