हरियाणा

Chandigarh: हरियाणा प्रशासन में बड़ा बदलाव, कानूनगो-लेखाकार को मिली नायब तहसीलदार की जिम्मेदारी

Admindelhi1
4 Jun 2026 11:08 AM IST
Chandigarh: हरियाणा प्रशासन में बड़ा बदलाव, कानूनगो-लेखाकार को मिली नायब तहसीलदार की जिम्मेदारी
x

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राजस्व प्रशासन को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नव पदोन्नत 33 नायब तहसीलदारों की विभिन्न जिलों में नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।

यह अधिकारी हाल ही में कानूनगो तथा जिला राजस्व लेखाकार (डीआरए) के पदों से पदोन्नत हुए हैं और इन्हें प्रदेश के विभिन्न राजस्व प्रतिष्ठानों में रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्त किया गया है। यह आदेश राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ.सुमिता मिश्रा द्वारा 2 जून को जारी किए गए।

इन जारी आदेशों के अनुसार, सभी 33 अधिकारियों को अपने नए कार्यस्थलों पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन नियुक्तियों का उद्देश्य लंबे समय से रिक्त चल रहे राजस्व पदों को भरना तथा प्रदेश में भूमि प्रशासन, राजस्व संग्रहण, म्यूटेशन (नामांतरण) कार्य, रिकॉर्ड प्रबंधन और आमजन को दी जाने वाली सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।

नियुक्त किए गए अधिकारियों में से कुछ को क्रमश:पानीपत, सिरसा, महेंद्रगढ़, कालांवाली, बेरी, हांसी, नारनौल, जगाधरी, वजीराबाद, फतेहाबाद, चरखी दादरी और हिसार जिलों में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त कई अधिकारियों को पलवल, मोहना, गोहाना, फरुखनगर, सांपला, सोनीपत, रतिया, करनाल, डबवाली, अंबाला, राय, प्रतापनगर (यमुनानगर), रोहतक तथा चंडीगढ़ स्थित वित्तायुक्त राजस्व कार्यालय में तैनात किया गया है।

राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कदम कई जिलों में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के साथ-साथ राजस्व प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे में तेजी आएगी तथा ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता में सुधार होगा।

Next Story