Chandigarh: हरविंद्र कल्याण ने घर-घर योग और संस्कार की बात कही

चंडीगढ़: हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हर घर में योग हो, हर घर में योगशाला हो, हर घर में संस्कार हो और हर घर में संस्कारशाला हो, तभी हम सभी मिलकर भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने में अपना सार्थक योगदान दे सकते हैं। विधान सभा अध्यक्ष गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में हरियाणा विधान सभा में आयोजित राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य के नेतृत्व में आयोग की टीम ने विधान सभा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। इस दौरान खिलाडिय़ों द्वारा योगासनों का प्रदर्शन भी किया। मीडिया अधिकारी दिनेश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करने के साथ-साथ योग का प्रदर्शन किया।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान राष्ट्रनायकों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिनके विचारों से राष्ट्र निर्माण की दिशा मिलती है। इस मौके पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि योग का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
डॉ.आर्य ने कहा कि योग का यह विशेष अभियान आगामी 30 दिनों तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें 25 लाख से अधिक की सहभागिता रहेगी। अब तक सूर्य नमस्कार की वेबसाइट पर 13 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इस मौके पर योग आयोग की त्रैमासिक पत्रिका ‘योगमय हरियाणा’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा के सलाहकार रामनारायण यादव, हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल, रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार, योग प्रशिक्षक प्रियंका चौधरी, डॉ. जसप्रीत कौर, रमेश भाटी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।





