
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने दो आईपीएस के तबादला आदेश जारी किए हैं। सिरसा के एसपी मयंक गुप्ता को हटा दिया गया है। आईपीएस दीपक सहारण सिरसा के नए एसपी बनाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि मयंक गुप्ता का तबादला प्रशासनिक कारणों से किया गया है, हालांकि उनके नई नियुक्ति का विवरण जल्द जारी किया जाएगा। वहीं, दीपक सहारण इससे पहले हरियाणा पुलिस में कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं और कानून-व्यवस्था संभालने में उनका अच्छा अनुभव रहा है।
सिरसा में हाल ही में नशा तस्करी और अपराध नियंत्रण को लेकर कई बड़ी कार्रवाईयां की गई थीं। ऐसे में जिले में नए एसपी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आईपीएस दीपक सहारण के सिरसा पदभार संभालने के बाद पुलिस विभाग में नई रणनीतियों की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन आगामी दिनों में अन्य जिलों में भी कुछ और तबादले कर सकता है।
दीपक सहारण का करियर
दीपक सहारण 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं जो अनुभवी पुलिस अधिकारी माने जाते हैं। अप्रैल 2025 में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें एसपी एचएसईएनबी के साथ एसपी एचपीयूएस विजिलेंस और एसपी साइबर पंचकूला की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें सिरसा जिले का एसपी बनाया गया है। सिरसा में पंजाब और राजस्थान की सीमा से लगा जिला होने के कारण कानून व्यवस्था और ड्रग्स कंट्रोल जैसे मुद्दे अहम होते हैं।
मयंक गुप्ता का कार्यकाल
मयंक गुप्ता ने 24 अप्रैल 2025 को सिरसा के एसपी का पदभार संभाला था। इससे पहले वे रेवाड़ी में एसपी और गुरुग्राम में डीसीपी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनता की सुरक्षा, शांति बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा और ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई को प्राथमिकता दी थी। लगभग छह महीने बाद उनका ट्रांसफर कर दिया गया है और नई पोस्टिंग की घोषणा अभी नहीं हुई है।





