हरियाणा

Chandigarh: विधानसभा सत्र 20 फरवरी को राज्यपाल के भाषण से होगा प्रारंभ

Admindelhi1
16 Feb 2026 8:36 PM IST
Chandigarh: विधानसभा सत्र 20 फरवरी को राज्यपाल के भाषण से होगा प्रारंभ
x
"राज्यपाल के अभिभाषण के साथ विधानसभा सत्र की बारीकी से तैयारी"

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री दो मार्च को विधानसभा में प्रदेश का बजट पेश करेंगे। पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष विधानसभा का बजट सत्र लंबा अथवा करीब एक माह तक चलेगा। राज्य सरकार की ओर से सोमवार को बजट सत्र का अस्थाई कार्यक्रम विधानसभा सचिवालय को भेज दिया गया है। इस कार्यक्रम पर अंतिम मोहर 19 फरवरी को होने वाली बिजनेस सलाहकार कमेटी की बैठक में लगेगी।

कार्यक्रम के मुताबिक, 20 फरवरी की सुबह राज्यपाल प्रो.असीम घोष के अभिभाषण से बजट सत्र शुरू होगा। अस्थाई कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र 18 मार्च तक चलेगा। करीब 27 दिन तक चलने वाले बजट सत्र में 13 अवकाश होंगे। यानी सदन की कुल कार्यवाही 14 दिनों तक चलेगी। 21 व 22 फरवरी को अवकाश रहेगा। अगले दिन 23 फरवरी को सुबह 11 बजे से राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा आरंभ होगी, जो कि 26 फरवरी तक चलेगी। 27 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा को लेकर उठे मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से जवाब दिया जाएगा। 28 फरवरी व एक मार्च को अवकाश रहेगा। अगले दिन दो मार्च को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपनी सरकार का दूसरा बजट पेश करेंगे।

हरियाणा सरकार के अस्थाई कार्यक्रम के मुताबिक तीन मार्च को कोई सीटिंग नहीं होगी और चार मार्च को होली का अवकाश रहेगा। पांच से नौ मार्च तक बजट पर अपनी सिफारिश, संशोधन और सुझाव देने के लिए विधायकों के समूहों की बैठकें होंगी। इस अवधि में विधानसभा की कार्यवाही का संचालन नहीं होगा। 10 मार्च को सुबह 11 बजे से विधानसभा में साल 2026-27 के वार्षिक आम बजट पर चर्चा आरंभ की जाएगी, जो कि 13 मार्च तक लगातार चलेगी। 14 और 15 मार्च को अवकाश रहेगा। अगले दिन 16 मार्च को विधायकों के समूहों द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जाएगी और उसी दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बजट पर हुई चर्चा के दौरान उठाए गए मुद्दों पर अपना जवाब पेश करेंगे। अगले दिन 17 मार्च को विधायी कार्य होंगे, जिसके अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा विधानसभा में पेश किए जाने वाले बिलों को चर्चा के उपरांत पास किया जाएगा। अंतिम दिन 18 मार्च को लंबित जरूरी विधायी कार्य पूर्ण किे जाएंगे।

Next Story