Chandigarh: शिक्षक सम्मान के लिए हरियाणा से भेजे जाएंगे आवेदन

चंडीगढ़: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र शिक्षकों को अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए ऑनलाइन सेल्फ-नॉमिनेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक पोर्टल पर अपना नामांकन कर सकते हैं, जबकि आवेदन को अंतिम रूप देकर जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है।
इसके साथ ही राज्यों को जिला एवं राज्य स्तर पर चयन समितियों का समय रहते गठन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चयन प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा सके।
निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार हरियाणा से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए अधिकतम तीन नाम केंद्र सरकार को भेजे जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया जिला स्तर से शुरू होकर राज्य स्तर और उसके बाद राष्ट्रीय ज्यूरी तक पहुंचेगी। जिला चयन समिति सबसे पहले आवेदनों की जांच और सत्यापन करेगी, जबकि राज्य चयन समिति अंतिम सूची तैयार करेगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार पुरस्कार चयन में केवल सेवा अवधि को आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि शिक्षकों के कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों पर उनके प्रभाव को अधिक महत्व दिया जाएगा। मूल्यांकन के दौरान तकनीक आधारित शिक्षण, शिक्षण में नवाचार, विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम, सामुदायिक सहभागिता, कम लागत वाले शिक्षण मॉडल, स्कूल प्रबंधन में सुधार तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विभाग का मानना है कि व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार और समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी होने से हरियाणा के अधिक शिक्षक राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और कार्यों का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।





