हरियाणा

Chandigarh: हिसार केस पर गृह सचिव की अध्यक्षता में जांच की अपील

Admindelhi1
19 April 2026 10:00 AM IST
Chandigarh: हिसार केस पर गृह सचिव की अध्यक्षता में जांच की अपील
x

चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में छात्र संगठन इनसो के प्रदर्शन के बाद से चल रहे विवाद पर सरकार व पुलिस को घेरते हुए कहा है कि दो गमले टूटने के जुर्म में सीआईए पुलिस रातों-रात गलत तरीके से हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान करती है और उन्हें घर से उठाती है। इतना ही नहीं जब हमारे नेता, कार्यकर्ता खुद अपनी गिरफ्तारी देने के लिए पुलिस के पास जाते है तो उन्हें सरेआम फर्जी नंबर की काले शीशे वाली गाड़ी बीच रास्ते में अड़ाकर धमकाया जाता है।शनिवार को चंडीगढ़ में दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला सहित अन्य जेजेपी नेताओं ने कहा कि पुलिस की 13 टीमें देर रात अलग-अलग जगहों पर गलत तरीके से छापेमारी करके कार्यकर्ताओं को परेशान करती है और छह कार्यकर्ताओं को उठा लिया जाता है, जिनके नाम एफआईआर में भी दर्ज नहीं थे। अगले दिन एफआईआर में नामजद नेता व प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता खुद को पुलिस के आगे शांतिप्रिय तरीके से सरेंडर करने के लिए शहर के थाने में जाते है तो वहां गिरफ्तारी से मना कर दिया जाता है। इसके बाद एसपी कार्यालय जाते वक्त अज्ञात नंबर की दो गाडिय़ा हमारा पीछा करती है और बिना किसी कारण हमारे काफिले के बीच में ओवरटेक करते हुए गाड़ी रोककर दो शख्स नीचे उतरते है और धमकी देकर भाग जाते है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर पवन सहित पांच पुलिस वालों की एक टीम सिटी थाने से हमारे पीछा कर रहे थे और सचिवालय में भी ये सभी पुलिस वाले मौजूद थे। दुष्यंत ने बताया कि उनके काफिले को रोकने वाला एक पुलिस वाला हिसार एसपी कार्यालय में भी था।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार पुलिस आरोपी पुलिस वालों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस के मुताबिक वे पुलिस वाले ऑफ ड्यूटी थे और बिना हथियार एडीजीपी कार्यालय जा रहे थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हमारे पास अलग-अलग जगहों की बहुत सारी फुटेज है। पुलिस लगातार उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज डिलीट करवा रही है।

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार पुलिस से हमें न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि हिसार एसपी लगातार इस पुलिस टीम के साथ टच में थे और भाजपा सरकार की प्लानिंग के तहत हमें टारगेट करके डराने की कोशिश की गई थी। दुष्यंत चौटाला ने गृह विभाग का जिम्मा संभाल रहे मुख्यमंत्री नायब सैनी से मांग करते हुए कहा कि आरोपी पुलिस वालों का बचाव कर रहे हिसार एसपी का तुरंत प्रभाव से तबादला होना चाहिए और पूरे मामले की गृह सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करके निष्पक्ष रूप से जांच करवाकर कार्रवाई हो। मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज हो। दुष्यंत ने कहा कि अगर जल्द कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जेजेपी कानूनी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी पुलिस वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

Next Story