Chandigarh: अमरपाल राणा की नियुक्ति से ग्रामीण विकास योजनाओं को मिलेगी नई गति

चंडीगढ़: नायब सरकार की ओर से हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बोर्ड का अमरपाल राणा को चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अमरपाल राणा को लगातार दूसरी बार ग्रामीण विकास बोर्ड की जिम्मेवारी सौंपी गई है। अमर पाल राणा जींद जिले में भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे चुके हैं और वर्तमान में कैथल के प्रभारी हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री नायब सैनी और सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा का आभार व्यक्त किया है। हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के नवनियुक्त चेयरमैन अमरपाल राणा ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की भलाई के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है, उन फैसलों को लागू करने में बैंक की अग्रणी भूमिका रहेगी। अमर पाल राणा ने कहा कि सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसान आधुनिक तकनीकों के जरिये अपनी पैदावार बढ़ा सकें, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सहकारिता के जरिये किसानों को समृद्ध बनाने को लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि बैंक की स्थापना हरियाणा दिवस पर एक नवंबर 1966 को हुई थी। वर्तमान में तहसील और उप-तहसील स्तर पर 19 जिला प्राथमिक सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (डीपीसीएआरडीबी) हैं जिनकी 70 शाखाएं (पीसीएआरडीबी) हैं। चेयरमैन अमरपाल राणा ने बताया कि बैंक का मुख्य उद्देश्य 19 जिला प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंकों (डीपीकार्डबी) और उनकी शाखाओं के माध्यम से विभिन्न कृषि एवं उससे संबद्ध गतिविधियों तथा राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास योजना (एनएफएस) के उद्देश्यों के अंतर्गत कृषकों को दीर्घकालिक ऋण प्रदान करना है।
बैंक द्वारा लघु सिंचाई, कृषि मशीनीकरण, भूमि विकास, डेयरी विकास/कैटेल शेड, बागवानी/कृषि वानिकी, ग्रामीण आवास, गैर कृषि क्षेत्र, भूमि की खरीद, ग्रामीण गोदाम की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही राज्य में जिला प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंकों (डीपीकार्डबी) ने बैंक की स्थापना के बाद से 31 मार्च , 2025 तक 1181437 लाभार्थियों को 7401.63 करोड़ रुपये का दीर्घकालिक ऋण प्रदान किया जा चुका है।





