हरियाणा

कैथल पुलिस का बड़ा एक्शन, इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर

nidhi
5 Oct 2026 8:59 AM IST
कैथल पुलिस का बड़ा एक्शन, इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर
x
पंजाब का इनामी बदमाश ढेर
कैथल: हरियाणा के कैथल में पुलिस और पंजाब के एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली ASI अजीत सिंह की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के घुटने में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान पंजाब के अलीपुर निवासी कृपाल उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। वह चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों में वांछित बताया गया है। आरोपी के कब्जे से .32 बोर का अवैध हथियार बरामद किया गया है।
डीएसपी सुशील प्रकाश के मुताबिक एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम गुहला थाना क्षेत्र में अपराधियों की तलाश के लिए गश्त कर रही थी। टीम में ASI अजीत सिंह, ASI राममेहर, ASI अशोक, ASI संदीप और सिपाही सरवन कुमार शामिल थे। पुलिस टीम को बाबकपुर गांव के पास सूचना मिली कि कृपाल उर्फ बल्लू बाबकपुर से रत्ताखेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में मौजूद है। वह बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार भी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रेडिंग पार्टी तैयार की। संभावित खतरे को देखते हुए टीम के पुलिसकर्मियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन ली। इसके बाद पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक जंगल की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी की चलाई एक गोली ASI अजीत सिंह की छाती पर लगी। हालांकि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे गोली शरीर तक नहीं पहुंच सकी और उनकी जान बच गई।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। गोली आरोपी कृपाल उर्फ बल्लू के घुटने में लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी की तरफ से चार फायर किए गए, जबकि पुलिस ने भी जवाब में चार गोलियां चलाईं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
घायल आरोपी को सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुहला ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे कैथल के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज कराया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट और छीना-झपटी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपी से बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मुठभेड़ में ASI अजीत सिंह का बुलेटप्रूफ जैकेट पहनना बेहद अहम साबित हुआ। आरोपी की गोली सीधे उनकी छाती की तरफ लगी थी, लेकिन सुरक्षा जैकेट ने गोली को रोक दिया। घटना में आरोपी घायल हुआ है, जबकि पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए गए हैं।
Next Story