
x
शराब तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग
पटना: बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन इलाके में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर शराब तस्करों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने के साथ वाहनों को भी निशाना बनाया। हमले में पुलिस की छह गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब 35 लोगों को पकड़ा है। मौके से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
घटना पुनपुन के बेहरावां चकिया गांव की है। यहां शराब के अवैध निर्माण और तस्करी की सूचना के बाद पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक गांव में लगातार दूसरे दिन पुलिस टीम पर हमला किया गया। दो दिन पहले भी इसी इलाके में पुलिस टीम पर हमला हुआ था। इसके बाद अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का फैसला किया गया। मसौढ़ी डीएसपी-1 राघव दयाल के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस को कार्रवाई में लगाया गया।
पुलिस टीम बेहरावां चकिया गांव और पुनपुन नदी के आसपास पहुंची। पुलिस को देखते ही अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में शामिल लोग भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और करीब 30 से 35 लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी गई। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस के वाहनों को भी निशाना बनाया। हमले में आधा दर्जन यानी छह पुलिस गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने गांव और आसपास के इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रवि मांझी के घर से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए गए। पुलिस हथियार की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में किन लोगों की भूमिका थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी पुनपुन नदी में कूदकर भाग निकले। फरार लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही देसी शराब को भी नष्ट किया गया। पुलिस अब शराब के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद बेहरावां चकिया गांव और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इससे पहले पुलिस टीम पर हुए हमले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसी मामले में भी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई चल रही है। रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को पकड़ने के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब फायरिंग, सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में अलग-अलग स्तर पर जांच आगे बढ़ा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
Next Story





