Bhiwani: रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी, लंबी दूरी की ट्रेनों का बढ़ेगा ठहराव

भिवानी: अमृत भारत योजना के द्वितीय चरण के तहत भिवानी रेलवे जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्म (नंबर 4 और 5) का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। नए प्लेटफार्म बनने के बाद जंक्शन पर कुल पांच प्लेटफार्म होंगे जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव और नई स्पेशल ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।
रेलवे स्टेशन पर फिलहाल जेसीबी मशीनों के जरिये खुदाई का कार्य जारी है। इन प्लेटफार्मों पर यात्रियों के लिए टिकट खिड़की और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। निर्माण कार्य को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भिवानी रेलवे जंक्शन की स्थापना लगभग 150 साल पहले हुई थी। शुरुआत में यहां दो प्लेटफार्म थे जिन्हें लगभग एक शताब्दी बाद तीसरे प्लेटफार्म से बढ़ाया गया। 1980 के आसपास रेलवे लाइनों को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया। अब सरकार के नवनिर्माण कार्यक्रम के तहत प्लेटफार्म और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
दुर्गा कॉलोनी में बनेगा स्टेशन का दूसरा एंट्री गेट: नए प्लेटफार्मों के साथ ही स्टेशन का भी विस्तार होगा। इसके लिए रेलवे द्वारा दुर्गा कॉलोनी में स्टेशन का दूसरा एंट्री गेट बनाया जाएगा। प्रवेश द्वार बनने से दुर्गा कालोनी व जीतूवाला जोहड़ क्षेत्र सहित तोशाम, बापोड़ा की साइड से आने वाले लगभग 20 गांवों लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्हें दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर स्टेशन पहुंचने की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी।
अमृत भारत योजना के द्वितीय चरण के तहत भिवानी रेलवे जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्मों का निर्माण किया जाएगा। इन प्लेटफार्मों का निर्माण कार्य दो साल में पूरा होगा। नए प्लेटफार्म बनने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। भिवानी जंक्शन पर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव हो सकेगा।





