हरियाणा

Bhiwani: PWD कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन तेज

Admindelhi1
31 March 2026 3:36 PM IST
Bhiwani: PWD कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन तेज
x

भिवानी: वेतन और सुविधाओं से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन (सर्व कर्मचारी संघ से संबद्ध) की अर्ध-शहरी और फील्ड शाखाओं ने सोमवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने विद्या नगर स्थित कार्यकारी अभियंता, डिवीजन नंबर-1 कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी डिस्पोजलों पर मशीनरी खराब पड़ी है जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रधान अनिल बागड़ी ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कर्मचारियों को सरसों का तेल और साबुन जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि सबसे गंभीर मामला हरियाणा कौशल रोजगार निगम के 11 कर्मचारियों का है जिन्हें पिछले 12 महीनों से वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। यूनियन के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश शेखावत ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि समय रहते कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में सीवरेज और जल आपूर्ति बाधित कर दी जाएगी जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस अवसर पर राज्य उपप्रधान सूरजभान जटसारा, फील्ड ब्रांच प्रधान राजकुमार चांगिया, सचिव विजय आसलवास, शहरी ब्रांच प्रधान नरेंद्र शर्मा और कोषाध्यक्ष रामनिवास भी मौजूद रहे।

Next Story