हरियाणा

Bhiwani: भिवानी जंक्शन में कोहरे का असर, रेल यात्री परेशान

Admindelhi1
22 Dec 2025 4:25 PM IST
Bhiwani: भिवानी जंक्शन में कोहरे का असर, रेल यात्री परेशान
x

भिवानी: जिले में सुबह 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। धुंध के चलते रेल यातायात भी प्रभावित रहा। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनें देरी से पहुंचीं। दिल्ली-भिवानी पैसेंजर एक घंटा, गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस दो घंटे, किसान एक्सप्रेस एक घंटा दस मिनट और रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस 30 मिनट देरी से स्टेशन पर आईं।

हालांकि दोपहर में हल्की धूप देखने को मिली। स्कूलों में छुट्टी होने के कारण दोपहर के समय पार्कों में बच्चे धूप में झूला झूलते नजर आए। ग्रामीण इलाकों में भी धुंध का असर देखा गया। लोहारू शहर और आसपास का क्षेत्र भी सुबह कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दोपहर बाद सूर्य देव के दर्शन हुए लेकिन शाम को तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन फिर बढ़ गई।

किसानों ने बताया कि कोहरे और ठंड रबी सीजन की फसलों के लिए फायदेमंद है। जयराम, रमेश, नवीन, महेंद्र सिंह, वलंवत और विनोद ने कहा कि गेहूं की फसल की वृद्धि फिलहाल कम है लेकिन ऐसे मौसम से फसल के लिए लाभकारी परिस्थितियां बनती हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स 175 रहा।

Next Story