हरियाणा

Bhiwani: लाइनमैन की कमी से चांग के 7 गांवों में रात को नहीं बिजली

Admindelhi1
9 March 2026 4:54 PM IST
Bhiwani: लाइनमैन की कमी से चांग के 7 गांवों में रात को नहीं बिजली
x

चांग: गांव चांग के बिजली घर के अंतर्गत आने वाले करीब सात गांवों के लोगों की गर्मी के मौसम में रात की नींद हराम होने वाली है। कारण यह है कि बिजली निगम के पास रात के समय बिजली ठीक करने के लिए कोई लाइनमैन उपलब्ध नहीं है। हालांकि बिजली निगम की ओर से एचकेआरएन के तहत तीन कर्मचारी और सरकार की ओर से एक स्थायी लाइनमैन लगाया गया है लेकिन ये चारों कर्मचारी केवल दिन के समय ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली शिकायतों का ही मुश्किल से निपटान कर पाते हैं।

ऐसे में रात के समय बिजली लाइन में फॉल्ट आने पर ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी बढ़ने लगती है। एयर कंडीशनरों के चलने और तापमान में वृद्धि के कारण बिजली लाइनों में फॉल्ट आने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लेकिन बिजली निगम की ओर से गर्मी के मौसम में लगने वाले कटों और फॉल्ट को ध्यान में रखते हुए रात के समय नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते चांग बिजली घर के अंतर्गत आने वाले सात गांवों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।

इन गांव में नहीं है रात का लाइनमैन

गांव चांग के जलघर के अंतर्गत सात गांव आते हैं। जिनमें चांग, ढाणी चांग, रिवाड़ी खेड़ा, सैय, कुचपड़, सिरसा घोघड़ा और हरसुख ढाणी शामिल हैं। इन गांवों में रात के समय बिजली फॉल्ट होने पर ग्रामीणों को अपने खर्च पर व्यवस्था करनी पड़ती है या फिर अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ती है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गर्मी के मौसम में बिजली लाइन में ज्यादा फाल्ट होते हैं जिनको ठीक करने के लिए कोई कर्मचारी रात के समय कार्यरत नहीं है। इस समस्या के कारण ग्रामीण लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। बिजली निगम को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।

चांग के आसपास क्षेत्र में रात में बिजली कर्मचारी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर रात को बिजली में कोई फाल्ट हो जाए तो ठीक करने वाला कोई नहीं है। उनकी बिजली निगम से मांग है कि रात के समय नियमित लाइनमैन की नियुक्ति की जाए।

चांग बिजली घर के अंतर्गत आने वाले गांव में चार लाइनमैन नियुक्त हैं। रात के समय यदि कोई बड़ा फाल्ट होता है तो इन कर्मचारियों से ठीक करवा दिया जाता है। गर्मी के मौसम में भी बिजली समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि ग्रामीणों को परेशानी न उठानी पड़े।

Next Story