हरियाणा

Bharatpur: कहासुनी के बाद भिड़े दो पक्ष, हिंसा में एक की मौत आठ घायल

Tara Tandi
14 May 2025 11:58 AM IST
Bharatpur: कहासुनी के बाद भिड़े दो पक्ष, हिंसा में एक की मौत आठ घायल
x
Gharaunda घरौंडा: घरौंडा के गांव भरतपुर में सोमवार रात बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आपसी रंजिश के चलते एक ही परिवार पर लाठी, डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में 45 वर्षीय सुरेश की मौत हो गई, जबकि चार महिलाओं सहित परिवार के आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही घरौंडा थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा, मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
घायल राजेश की पत्नी निशा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे उनका बेटा श्रवण पानीपत से काम करके लौटा था और जेठ सुरेश सब्जी बेचने के बाद घर आए थे। रात करीब नौ बजे जेठ का लड़का सागर दुकान से घर का सामान लेने गया था। लौटते समय गांव के प्रवीन ने सागर से झगड़ा कर लिया और उस पर गंडासी से हमला कर दिया। शोर सुनकर निशा, उनका पति राजेश, बेटा श्रवण, जेठ सुरेश, जेठानी सुदेश और ससुर धरमु मौके पर पहुंचे। तभी पप्पु उर्फ पप्पी, कुलदीप, प्रवीन, सोनु, जीतो, सतीश और कुलजीत हथियारों के साथ वहां आ गए और जानलेवा हमला कर दिया। कुलदीप ने निशा की बांह पर गंडासी मारी, सोनु ने राजेश पर लाठी से हमला किया, प्रवीन ने धरमु को चोट पहुंचाई, जबकि श्रवण और सागर को भी बुरी तरह पीटा गया।
निशा ने बताया कि सुरेश, श्रवण और सागर को गंभीर चोटें आई थीं, जिन्हें तुरंत घरौंडा सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्रवण और सागर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। बाकी घायल सदस्यों का भी इलाज चल रहा है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में दर्ज किया केसथाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि निशा देवी की शिकायत पर पप्पु उर्फ पप्पी, कुलदीप, प्रवीन, सोनु, जीतो, सतीश और कुलजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
Next Story