हरियाणा

Bawal: फरार दुल्हन ठग निकली, पुलिस ने दलाल को दबोचा

Admindelhi1
22 Jun 2025 5:26 PM IST
Bawal: फरार दुल्हन ठग निकली, पुलिस ने दलाल को दबोचा
x

बावल: फेरे लेने के बाद सुहागरात को घर से नकदी व जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन को पुलिस ने यू.पी. के जिला आम्बेडकर नगर से गिरफ्तार कर लिया है। गांव खंडोड़ा के जलदीप ने बताया कि बहरोड़ राजस्थान के राजबीर से उनके परिवार का परिचय था। राजबीर ने उसकी शादी करवाने के लिए यू.पी. के एक युवक सोहेल से मिलवाया। उसने शादी कराने के एवज में 2 लाख रुपए कमीशन की मांग की। जलदीप ने कहा कि वहां पसंद की गई लड़की पूजा से 4 जून को उसकी शादी करवा दी गई।

राजबीर व सोहेल ने इस रिश्ते के लिए 2 लाख रुपए लिए। जलदीप ने कहा कि हमारे परिवार ने दुल्हन को मंगलसूत्र व अन्य जेवर पहनाए। 5 जून को वह दुल्हन को लेकर अपने गांव खंड़ोडा आया। इसी रात को दुल्हन बहाना बनाकर उससे दूर रही और जब वह सो रहा था तो वह मौका पाकर घर से जेवर व 20 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गई।

जांच-पड़ताल में पता चला कि 5 जून की तड़के गांव खंडोड़ा से बस में सवार होकर वाया दिल्ली होते हुए अपने आम्बेडकर नगर स्थित गांव पहुंची। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए केस को लेकर उसकी तलाश की जा रही थी। शनिवार को बावल थाने के जांचकर्त्ता अधिकारी सुरेन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल आशा देवी को साथ लेकर आम्बेडकर नगर स्थित दुल्हन के गांव पहुंचे जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि पूजा का असली नाम कौशल्या है और वह पहले से ही 4 बच्चों की मां है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने महिला के साथ-साथ बिचौलिए सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है।

Next Story