Haryana में अवैध खनन पर कार्रवाई, छह खनन अधिकारियों पर चार्जशीट

Chandigarh चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका तहसील स्थित रावा गांव में हुए अवैध खनन मामले को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग के छह अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। हरियाणा सिविल सर्विसेज़ (सजा और अपील) नियमावली के नियम 7 के तहत इन अधिकारियों पर चार्जशीट दायर की गई है। साथ ही पंचायत और वन विभाग के संबंधित कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला नवंबर 2011 से जनवरी 2025 के बीच एक पट्टे में निर्धारित सीमा से अधिक खनिज सामग्री निकालने से जुड़ा है। शिकायत मिलने के बाद खनन एवं भूविज्ञान विभाग द्वारा की गई जांच में अनियमितताएं सामने आईं।
जिन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें सहायक खनन अधिकारी आर.एस. ठाकरान, और खनन अधिकारी भूपेंद्र सिंह, बी.डी. यादव, राजेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार (द्वितीय), और अनिल अटवाल शामिल हैं।





